Dhanbad : धनबाद के वासेपुर इलाके में बुधवार को नाले से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया है. शव कई दिनों पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे उसकी पहचान में मुश्किल हो रही है. आशंका जताई जा रही है कि यह शव चार दिनों से लापता शाकिब कुरैशी उर्फ बिल्ला का हो सकता है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है और आगे की जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने नाले से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाले से युवक का शव बरामद किया. लंबे समय तक पानी में पड़े रहने के कारण शव बुरी तरह फूल और सड़ चुका है. खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई.
स्थानीय निवासी सोनू कुरैशी ने आशंका जताई कि बरामद शव उसके भाई शाकिब कुरैशी उर्फ बिल्ला का हो सकता है. बिल्ला पिछले चार दिनों से लापता है. उन्होंने बताया कि शाकिब की गुमशुदगी की सूचना पहले ही पुलिस को दे दी गई थी शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण पहचान संभव नहीं हो सकी.
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर शव की पहचान की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment