Dhanbad News : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को कोयलांचल में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह की पहली किरण के साथ ही विभिन्न धार्मिक स्थलों और दामोदर नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.
मोहलबनी घाट, सुदामडीह घाट और लाल बंगला स्थित दामोदर घाट पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बुजुर्गों ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर अहले सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था.देखते ही देखते घाटों पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई. नदी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को दान-पुण्य भी किया.
कई श्रद्धालुओं ने दीपदान कर भगवान से परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और देश की खुशहाली की प्रार्थना की.
कार्तिक पूर्णिमा के दिन नदी में स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है. यही वजह है कि हर वर्ष इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग नदी और सरोवरों में स्नान करने पहुंचते हैं.

