Search

 
 
 

Dhanbad News: मोहर्रम को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, आपात स्थिति से निपटने के लिए किया मॉक ड्रिल

मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.
 

Dhanbad: मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न संभावित परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया.


मॉक ड्रिल के दौरान जुलूस में भगदड़ की स्थिति, भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की रणनीतियों का अभ्यास कराया गया. पुलिस बल को विभिन्न परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई और भीड़ प्रबंधन के गुर सिखाए गए.

 

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी, सीसीआर डीएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे. सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया और जुलूसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों को किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में त्वरित, प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार करना है.

 

उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है. झरिया, बैंक मोड़ समेत अन्य प्रमुख इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. इन क्षेत्रों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात रहेगी जो किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेगी.

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मॉक ड्रिल के माध्यम से सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी की गई है. प्रशासन का लक्ष्य है कि मोहर्रम शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को पहले से ही रोका जा सके.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही