- मेयर ने निगम अधिकारियों से साथ बैठक में दिए निर्देश
Dhanbad News : धनबाद नगर निगम ने दीपावली और छठ महापर्व की तैयारियां तेज कर दी है. त्योहारों के दौरान शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम ने साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और छठ घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसी सिलसिले में मेयर संजीव सिंह ने मंगलवार को संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें
दीपावली के मद्देनजर शहर की प्रमुख सड़कों से लेकर गलियों तक लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच कराने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों से कहा गया है कि जांच के दौरान खराब पाई जाने वाली लाइटों को जल्द दुरुस्त कराएं. ताकि त्योहार के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो. शहर के अंधेरे वाले हिस्सों को चिह्नित कर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.
विसर्जन वाले तालाबों की सफाई पर विशेष जोर
छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम का विशेष ध्यान तालाबों और घाटों की सफाई पर है.दुर्गा पूजा के दौरान जिन तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया था वहां साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं. घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना के अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया है.
नगर निगम का लक्ष्य है कि दीपावली के दौरान शहर की सड़कें और गलियां रोशनी से जगमगाएं तथा छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को घाटों पर पूजा करने में किसी तरह की परेशानी न हो. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं पर नजर रखने को कहा गया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

