- एलिवेटेड फ्लाईओवर पर सियासी रण
Dhanbad : धनबाद जिले के निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना को लेकर कोयलांचल की राजनीति बुधवार को पूरी तरह गर्म रही. सांसद ढुल्लू महतो व भाकपा (माले) विधायक अरूप चटर्जी ने निरसा में एक ही दिन महज एक किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग आक्रोश मार्च निकाला और सभा कर शक्ति प्रदर्शन किया. दोनों ने मंच से एक-दूसरे पर तीखे हमले किए.
एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक प्रतिष्ठा व जनसमर्थन की लड़ाई का रूप ले चुका है. दोनों नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के बीच परियोजना को लेकर अलग-अलग दावे किए और विरोधी पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया.
भाकपा (माले) के आक्रोश मार्च में विधायक अरूप चटर्जी ने एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना की डीपीआर सार्वजनिक करने, निर्माण कार्य की निगरानी के लिए जनप्रतिनिधियों व विशेषज्ञों की समिति गठित करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने व कथित माफियागिरी और लूट संस्कृति पर रोक लगाने की मांग उठाई.
अरूप चटर्जी ने कहा कि उनकी रैली बिना किसी प्रचार-प्रसार और खर्च के आयोजित हुई, जबकि भाजपा ने कई दिनों तक व्यापक तैयारी और भारी खर्च कर भीड़ जुटाने का प्रयास किया. उन्होंने जिला प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई, सांसद के कार्यक्रम के प्रति नरम रुख अपनाया.
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना के विरोधी नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि परियोजना पूरी पारदर्शिता के साथ लागू हो, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित हो और स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिले. विकास के नाम पर किसी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने 2029 के लोकसभा चुनाव में ढुल्लू महतो को हराने का लक्ष्य भी दोहराया.
वहीं, सांसद ढुल्लू महतो ने अपने भाई बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के साथ पैदल मार्च निकालकर अरूप चटर्जी पर तीखा हमला बोला. कहा कि निरसा की जनता विकास चाहती है, जबकि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के लिए विकास परियोजनाओं में बाधा डाल रहे हैं. अरूप चटर्जी और उनके पिता के लंबे राजनीतिक कार्यकाल में क्षेत्र में कोई बड़ा उद्योग नहीं लगा, बल्कि कई औद्योगिक इकाइयां बंद हो गईं. केंद्र सरकार और उनके प्रयासों से जब क्षेत्र में बड़ी विकास योजनाएं शुरू हो रही हैं तब उनका विरोध राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है.

मीडिया से बात करते सांसद ढुल्लू महतो.
ढुल्लू महतो ने कहा कि एलिवेटेड फ्लाईओवर परियोजना की डीपीआर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन व संबंधित विभाग का विषय है. उन्होंने अरूप चटर्जी द्वारा प्रशासन और मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए बयानों की भी आलोचना की. उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 में जनता विकास और विकास विरोधी राजनीति के बीच अंतर समझकर अपना निर्णय देगी.
दोनों नेताओं के कार्यक्रमों को देखते हुए पूरे निरसा क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. पुलिस बल की तैनाती के बीच दोनों रैलियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं हालांकि राजनीतिक बयानबाजी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment