Dhanbad : गांव-गांव तक किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक खेती से जोड़ने और कृषि योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद समाहरणालय परिसर से डिजिटल बिरसा कृषि रथ को रवाना किया गया. उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने रथ को रवाना किया. यह रथ अगले 15 दिनों तक जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण करेगा.

इसे भी पढ़े..
इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि इस वर्ष सुपर एल-नीनो के प्रभाव के कारण कम वर्षा की स्थिति बनी हुई है. ऐसे समय में किसानों तक सही फसल चयन, वैज्ञानिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से बिरसा कृषि रथ की शुरुआत की गई है.
उन्होंने बताया कि रथ के साथ कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की टीम भी गांव-गांव जाएगी. किसानों को मिट्टी जांच, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग और मौसम के अनुरूप खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देगी. साथ ही किसानों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर उन्हें तकनीकी सलाह भी उपलब्ध कराएगी.
उप विकास आयुक्त ने बताया कि रथ के माध्यम से बिरसा हरित ग्राम योजना सहित राज्य सरकार की विभिन्न कृषि व किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री का किसानों के नाम संदेश भी प्रसारित किया जाएगा ताकि प्रत्येक किसान समय पर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठा सके.
बिरसा कृषि रथ का उद्देश्य किसानों तक पहुंचकर उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना है ताकि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सके. यह रथ किसानों और कृषि विभाग के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा.
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक मोतीलाल, सहायक तकनीकी प्रबंधक संतोष कुमार सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment