Search

 
 
 

Dhanbad News : कांग्रेस व सीओ के बीच विवाद गर्माया, थाने में शिकायत, आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया था. इसके बाद देर रात जानकारी मिली कि सीओ ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है.
 
धनबाद थाना में सीओ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंचे कांग्रेस नेता.

Dhanbad : धनबाद जिला कांग्रेस व अंचलाधिकारी (सीओ) के बीच शुरू हुआ विवाद गहरा गया है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह व सचिव देवेंद्र पासवान ने गुरुवार को धनबाद थाना पहुंचकर अलग-अलग आवेदन देकर सीओ रामप्रवेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. दोनों नेताओं ने सीओ पर जातिसूचक गाली देने, अभद्र व्यवहार करने व जान से मारने की नीयत से गाड़ी से डंडा निकालकर मारपीट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. 

 


अपने आवेदन में कांग्रेस नेताओं ने धनबाद सीओ के साथ उनके सहयोगी कर्मियों रोहित भारती, मोनू कुमार, सुरेश कुमार व मेहंदी अंसारी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. मामला सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.

 

कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से किया आंदोलनः संतोष सिंह

 

धनबाद थाना पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया था. धरना-प्रदर्शन के बाद सीओ के बुलावे पर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल अंचल कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपा. इसके बाद देर रात जानकारी मिली कि सीओ ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद सीओ भ्रष्ट और बड़बोले अधिकारी हैं. वे अपनी कार्यशैली से सरकार व पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.


 उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी जनता की आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास करेगा तो कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. मौके पर नवनीत नीरज, मुख्तार खान, शाहिद कमर, बाबू अंसारी और इरफान खान चौधरी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.


सीओ ने कांग्रेस नेताओं पर दर्ज कराई थी प्राथमिकी

 

गौरतलब है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को कांग्रेस की धनबाद नगर व भूली नगर कमेटी के तत्वावधान में अंचल कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया था. कांग्रेस नेताओं ने अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार, दलाली और रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद के बाद सीओ रामप्रवेश कुमार ने बुधवार देर रात कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, मृत्युंजय सिंह, मदन महतो, गोपाल प्रसाद, मनोज यादव, संतोष तथा महेंद्र दुबे सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही