Search

 
 
 

Dhanbad News : पेट्रोल-डीजल को लेकर मचा हड़कंप, पंपों पर लगी लंबी कतारें, यातायात प्रभावित

अंतरराष्ट्रीय बाजार और खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत को लेकर फैली अफवाहों ने कोयलांचल में हड़कंप मचा दिया है.
 
  • प्रशासन की अपील के बावजूद पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़

Dhanbad : अंतरराष्ट्रीय बाजार और खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल की संभावित किल्लत को लेकर फैली अफवाहों ने कोयलांचल में हड़कंप मचा दिया है.

 

बुधवार से ही जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो गुरुवार तक और भी बढ़ गईं. स्थिति ऐसी हो गई कि कई प्रमुख पेट्रोल पंपों के बाहर वाहनों की लाइनें मुख्य सड़कों तक पहुंच गईं, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो गई.

 

Uploaded Image

 

कोर्ट रोड स्थित ग्रीन व्यू समेत कई बड़े पेट्रोल पंपों पर सुबह से देर रात तक भारी भीड़ देखने को मिली. बाइक, कार, ऑटो और मालवाहक वाहनों के चालक घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए.

 

कई जगहों पर स्थिति इतनी खराब हो गई कि ट्रैफिक जाम लग गया और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा. शहर के व्यस्त इलाकों में वाहनों की लंबी कतारों के कारण आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

 

Uploaded Image

 

वाहन चालकों का कहना है कि सोशल मीडिया और आपसी चर्चाओं में लगातार यह बात फैल रही है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है या सप्लाई प्रभावित हो सकती है. 

 

इसी डर से लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ बोतलों और गैलनों में भी ईंधन जमा करने लगे हैं. कई लोगों ने बताया कि दो-दो से तीन-तीन घंटे तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने की सूचना दे दी गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई.

 

Uploaded Image

 

हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. धनबाद डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और तेल कंपनियों से नियमित आपूर्ति जारी है. 

 

उन्होंने कहा कि कुछ पंपों पर अचानक अत्यधिक भीड़ बढ़ने के कारण अस्थायी दबाव की स्थिति बनी है. लेकिन ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है.
प्रशासन ने लोगों से केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लेने की अपील की है.

 

साथ ही अनावश्यक भंडारण और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. अधिकारियों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर चल रही तेल संकट और कीमतों में भारी उछाल की खबरें पूरी तरह भ्रामक और निराधार हैं.

 

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. पुलिसकर्मियों को कतारों को व्यवस्थित रखने और मुख्य सड़कों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं.

 

प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है. फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है लेकिन अफवाहों के कारण पैदा हुई पैनिक की स्थिति ने शहर में लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही