Search

 
 
 

Weather News : रांची समेत कई जिलों में तेज बारिश व वज्रपात की चेतावनी

झारखंड में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र की ओर से जारी ताजा बुलेटिन में राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है. विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
 

Ranchi : झारखंड में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र की ओर से जारी ताजा बुलेटिन में राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है. विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.

 

पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा. वर्षा की बात करें तो पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा चाईबासा में 23.2 मिमी, सिमडेगा में 20.2 मिमी और रांची में 14.4 मिमी बारिश हुई.

 

मौसम विभाग ने 17 मई को धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ और रांची जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की संभावना है. 18 मई को कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, रांची, धनबाद और चतरा में भी इसी तरह का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

 

14 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों को छोड़कर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. 16 मई को पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 17 मई को गुमला और खूंटी जिलों में भी तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी दी गई है.

 

रांची और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी. 14 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है. 15 मई को तापमान 36 और 22 डिग्री रह सकता है. 17 और 18 मई को गरज के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.

 

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. जमशेदपुर में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, बोकारो थर्मल में 34.1 डिग्री और लोहरदगा में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही