Search

 
 
 

Dhanbad News : सबीली मस्जिद कमेटी का विवाद गहराया, जुमे की नमाज के बाद मारपीट

सबीली मस्जिद में नई कमेटी के गठन को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया. जुमे की नमाज के बाद मस्जिद परिसर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई. इस घटना में वाजिद खान घायल हो गए.
 
कोयले की राजधानी की खबरें

Dhanbad : धनबाद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सबीली मस्जिद में नई कमेटी के गठन को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया. जुमे की नमाज के बाद मस्जिद परिसर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई. इस घटना में वाजिद खान घायल हो गए. सूचना मिलते ही धनबाद थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.

 

Uploaded Imageघटना के बाद पहुंची पुलिस व जुटी भीड़.

घायल वाजिद खान ने आरोप लगाया कि नमाज के दौरान लोगों को उनके खिलाफ उकसाया गया, जिसके बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया. उन्होंने निसार खान के पुत्र सहजान खान पर हमला करने का आरोप लगाया है. वाजिद खान का यह भी दावा है कि घटना के दौरान मस्जिद परिसर स्थित उनके कमरे से करीब 1.50 लाख रुपये नकद और लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली गई.

 


वाजिद खान ने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से मस्जिद की जमीन की मालगुजारी जमा करते आ रहे हैं. न्यायालय के आदेश के बाद वक्फ बोर्ड व कल्याण विभाग ने 1 अप्रैल को दंडाधिकारी की मौजूदगी में 11 सदस्यीय नई कमेटी को मस्जिद का प्रभार सौंपा था. वाजिद खान का आरोप है कि नई कमेटी के कुछ लोग लगातार विरोध कर रहे हैं, जिसके कारण यह विवाद उत्पन्न हुआ.


वहीं, मस्जिद के इमाम ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के बाद उन्होंने केवल लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी. उनका कहना है कि किसी को उकसाने या हिंसा के लिए प्रेरित करने का आरोप पूरी तरह निराधार है.


दूसरी ओर पुरानी कमेटी के सदस्य निसार खान ने भी वाजिद खान के आरोपों का खंडन किया. उन्होंने कहा कि जब भी वाजिद खान धनबाद आते हैं किसी न किसी विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है. उनके अनुसार, नमाज के बाद इमाम लोगों को संबोधित कर रहे थे तभी वाजिद खान वहां पहुंच गए. निसार खान ने दावा किया कि संभवतः रक्तचाप कम होने के कारण वाजिद खान गिर पड़े जिससे उन्हें चोट लगी.


थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि 1 अप्रैल को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वक्फ बोर्ड और कल्याण विभाग की मौजूदगी में 11 सदस्यीय नई कमेटी को मस्जिद का प्रभार सौंपा गया था. शुक्रवार को हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही