Dhanbad News : धनबाद जिले के तोपचांची बाजार स्थित एक जांच घर को पीसीपीएनडीटी एक्ट की अनदेखी करना भारी पड़ गया. जिला प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जांच घर को सील कर दिया. यही नहीं जांच घर में मौजूद मशीनों को भी सील कर दिया गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के जांच केंद्रों के संचालकों में हड़कंप है.
इसे भी पढ़ें
टीम की जांच के दौरान जांच घर में कई तरह की खामियां सामने आईं. अधिकारियों ने कमरे में अनुचित पार्टीशन, साफ-सफाई की कमी और शौचालय की खराब स्थिति पाई. इन कमियों को पीसीपीएनडीटी एक्ट के मानकों से जुड़ा बताते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया.
पहले नोटिस, फिर सील करने का आदेश
प्रशासन के अनुसार, जांच घर को पिछले मार्च में ही नोटिस दिया गया था. इसके बाद 16 अक्टूबर को संचालक रतीलाल साव से संबंधित रिपोर्ट की समीक्षा की गई. इसके बाद डीसी ने जांच घर को सील करने का आदेश दिया.
डॉक्टर से भी मांगा जाएगा जवाब
टीम ने जांच घर में प्रैक्टिस कर रहे डॉ. स्वतंत्र कुमार को भी कारण बताओ नोटिस देने की बात कही है. उनके जवाब और आगे की प्रक्रिया के आधार पर मामले में अगला कदम उठाया जाएगा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच केंद्रों की निगरानी जरूरी है. नियमों में लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई के दौरान डॉ. विकास राणा, पूजा रत्नाकर, डॉ. तबरेज समेत अन्य लोग मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

