Dhanbad : जिले में निजी चिकित्सा संस्थानों के प्रचार-प्रसार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद ने सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के प्रबंधकों एवं संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के होर्डिंग, बैनर और सूचना पट्ट से डॉक्टरों की तस्वीर हटाने का आदेश दिया है.
सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रचार सामग्री में डॉक्टरों की व्यक्तिगत तस्वीरों का प्रदर्शन नियमों का उल्लंघन है. सभी संबंधित संस्थानों को 21 नवंबर यानी कल शाम छह बजे तक डॉक्टरों की तस्वीरें हटाने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें
समय सीमा के बाद होगी औचक जांच
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि आदेश को केवल औपचारिकता समझने वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जाएगी. निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय की टीम विभिन्न अस्पतालों और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण करेगी. इस दौरान होर्डिंग और बैनरों की तस्वीरें लेकर अनुपालन की स्थिति दर्ज की जाएगी.
इसके बाद निरीक्षण से संबंधित अनुपालन प्रतिवेदन मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को भेजा जाएगा. निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अस्पतालों, नर्सिंग होम और क्लीनिकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग के इस आदेश से निजी चिकित्सा संस्थानों में लगे प्रचार होर्डिंग और बैनरों में बदलाव होना तय है.

