Dhanbad News : धनबाद के नावाडीह स्थित किडनी केयर हॉस्पिटल के बाहर मंगलवार को अस्पताल कर्मी एजाज अंसारी के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. करंट से झुलसे एजाज अंसारी के परिजन व ग्रामीणों ने इलाज का खर्च व मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल पहुंच गए और खूब बवाल किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज का खर्च देने से इनकार करने और धमकी देने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर के मिल्लत नगर निवासी एजाज अंसारी पिछले करीब डेढ़ वर्षों से किडनी केयर हॉस्पिटल में गेट-ग्रिल का काम करते थे. तीन सितंबर को अस्पताल की छत पर काम करने के दौरान वह हाईटेंशन तार (11 हजार वोल्ट) की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए.
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एजाज का प्राथमिक उपचार कराया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें बोकारो स्थित बीजीएच में भर्ती कराया. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने इलाज में होने वाले खर्च के लिए आर्थिक मदद देने से इनकार कर दिया. परिजनों के मुताबिक, इलाज का खर्च काफी अधिक होने के कारण परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
इसी बात से नाराज परिजन और ग्रामीण मंगलवार को किडनी केयर हॉस्पिटल पहुंचे और मुख्य गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए एजाज के इलाज का खर्च और उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए. ग्रामीणों का कहना है कि काम के दौरान हुए हादसे में झुलसे कर्मी के इलाज में अस्पताल प्रबंधन को सहयोग करना चाहिए.उन्होंने एजाज का समुचित इलाज कराने के साथ-साथ परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

