Dhanbad News : धनबाद समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को अनोखी पहल देखने को मिली. जिले के 12 सरकारी स्कूलों की छात्राओं ने डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारियों को राखी बांधी. इसके बाद संवाद कार्यक्रम में छात्राओं ने अधिकारियों के सामने स्कूल व आवागमन से जुड़ी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं. कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी समेत जिले के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें
संवाद के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा, शिक्षा व विद्यालय से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. डीसी आदित्य रंजन ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे. अधिकतर समस्याओं का समाधान अगले छह महीने में करने का प्रयास किया जाएगा. कहा कि प्रशासन का भी दायित्व है कि छात्राओं समेत जिले के सभी लोगों को सुरक्षित वातावरण मिले.
एसएसपी प्रभात कुमार ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्कूलों की छुट्टी के समय विशेष रूप से पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था की जाएगी. स्कूलों के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा ताकि छात्राओं को घर लौटने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

