Dhanbad : धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय, हरिबोल थान (मुकुंदा) में शुक्रवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते सिलेंडर से तेज लपटें उठने लगीं जिससे विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई. घबराए बच्चे कक्षाओं से बाहर निकलने लगे.बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गिरधारी महतो सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुट गए. मुकुंदा के पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने साहस का परिचय देते हुए जलते गैस सिलेंडर को डंडे के सहारे परिसर से बाहर निकाला. इसके बाद ग्रामीणों ने पानी, बालू व भीगे बोरे से आग पर काबू पा लिया.
गनीमत रही कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद एहतियातन बिना मध्याह्न भोजन कराए ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई.
पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने बताया कि जैसे ही उन्हें विद्यालय में गैस सिलेंडर में आग लगने की सूचना मिली वे तत्काल स्कूल पहुंचे. सबसे पहले प्रधानाध्यापक और ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद डंडे की सहायता से जलते सिलेंडर को बाहर निकालकर आग पर काबू पाया गया. उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर शुक्रवार को ही मंगाया गया था. आग किन कारणों से लगी यह जांच का विषय है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

