Dhanbad : जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित कनकनी पासी पट्टी में रविवार देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. रात करीब 11 बजे अज्ञात बदमाशों ने पासी पट्टी निवासी रवि मिर्धा के घर को निशाना बनाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए.
बताया जाता है कि रवि मिर्धा झरिया की एक आउटसोर्सिंग कंपनी में चालक के रूप में काम करता है. बदमाशों ने घर की लोहे की खिड़की से सटाकर गोली चलाई. गोली खिड़की को भेदते हुए अंदर रखी अलमारी में जा लगी, जिससे अलमारी का शीशा टूट गया.
घटना के वक्त रवि और उनका परिवार घर में सो रहा था. अचानक गोली चलने की तेज आवाज से सभी की नींद खुली. खिड़की और अलमारी पर गोली के निशान देखकर परिवार के लोग सहमे हुए हैं. हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और गोली चलाने वाले की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
गोली चलने की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घर के अंदर अलमारी से गोली बरामद कर ली है. मामले को लेकर लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.
Leave a Comment