Search

 
 
 

Saraikela News : तंबाकू के खिलाफ जागरूकता अभियान, DC ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है.
 

 Saraikela :  जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है. सोमवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने तंबाकू निषेध व नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ अगले एक माह तक जिले के विभिन्न गांवों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करेगा.

 

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है. इससे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी और अन्य जानलेवा स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हर व्यक्ति को स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना होगा.

 

डीसी ने बताया कि अभियान के तहत अगले एक महीने तक जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसंवाद, जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार गतिविधियां तथा सूचना, शिक्षा व संचार (आईईसी) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी.

 

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. उपायुक्त ने कहा कि कई बार युवा साथियों के दबाव, जिज्ञासा या सामाजिक प्रभाव के कारण तंबाकू सेवन शुरू कर देते हैं, जिसका उनके स्वास्थ्य और भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ता है. ऐसे में युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए.

 

उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है. इसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी जरूरी है. यदि लोग अपने घर, परिवार और आसपास के वातावरण को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लें, तो एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है.

 

कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय तंम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी व कर्मी, एनडीसी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही