Dhanbad : आईआईटी (आईएसएम), धनबाद के पूर्ववर्ती छात्र अशोक कुमार बर्णवाल को मध्य प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है. वर्ष 1989 में आईआईटी (आईएसएम) से माइनिंग इंजीनियरिंग में बीटेक करने वाले बर्णवाल 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं.

अशोक कुमार बर्णवाल
मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार शाम उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया. यह फैसला मौजूदा मुख्य सचिव अनुराग जैन के नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त होने के बाद लिया गया. बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होने तक प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था का नेतृत्व करेंगे.
वर्तमान में अशोक कुमार बर्णवाल मध्य प्रदेश सरकार में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव हैं. इसके अलावा उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी है.
अपने तीन दशक के लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. वे वन, कृषि, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभागों के अपर मुख्य सचिव, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव, मार्कफेड के प्रबंध संचालक, लोक शिक्षण आयुक्त, राज्य शिक्षा मिशन आयुक्त तथा गुना, देवास और शहडोल के कलेक्टर रह चुके हैं. केंद्र सरकार में भी उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं.
उनकी इस उपलब्धि पर आईआईटी (आईएसएम) परिवार में खुशी का माहौल है. वर्ष 2019 में आयोजित संस्थान के वार्षिक पूर्व छात्र सम्मेलन में उन्हें समाज और सार्वजनिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए डायरेक्टर्स अवार्ड फॉर कंट्रीब्यूशन टू द सोसाइटी से सम्मानित किया गया था.
मार्श इंडिया के चीफ स्ट्रेटजी ऑफिसर (गवर्नमेंट बिजनेस) एवं पैन आईआईटी एलुमनाई के पूर्व महासचिव अशोक कुमार ने बर्णवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति पूरे आईआईटी परिवार के लिए गर्व की बात है. अशोक बर्णवाल का प्रशासनिक सफर नेतृत्व, ईमानदारी और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment