Dhanbad News : धनबाद में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया में शामिल एक अभ्यर्थी के साथ फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. आवासीय प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक ने 500 रुपये लेकर उसे फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर वाला प्रमाणपत्र थमा दिया. मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित उक्त प्रज्ञा केंद्र को सील कर दिया है. केंद्र संचालक की सीएससी आईडी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें
मामले का खुलासा होमगार्ड बहाली के दौरान प्रमाण पत्रों के सत्यापन में हुआ. निरसा थाना क्षेत्र के बड़बाड़ी निवासी कृष्णपद सोरेन (पिता देबु सोरेन) का चयन होमगार्ड बहाली के लिए हुआ था. चयन के बाद उनके द्वारा जमा किए गए आवासीय प्रमाणपत्र की जांच अंचल कार्यालय कालियासोल ने की. झारसेवा पोर्टल पर ऑनलाइन सत्यापन के दौरान पता चला कि उक्त प्रमाणपत्र को अंचल कार्यालय से जारी ही नहीं किया गया था.
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार प्रमाण पत्र के लिए दिया गया आवेदन त्रुटिपूर्ण होने के कारण लंबित रखा गया था. इसके बावजूद अभ्यर्थी को कूटरचित डिजिटल हस्ताक्षर वाला प्रमाणपत्र दे दिया गया.
अभ्यर्थी ने अपनी लिखित शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसने गांव के ही सीएससी संचालक अभिजीत दास के पास आवासीय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था. इसके एवज में संचालक ने उससे 500 रुपये लिये थे.
एसडीएम छापेमारी कर केंद्र सील किया
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे, कालियासोल सीओ अशोक कुमार सिन्हा और डीपीओ यूआईडी अमित कुमार ने संबंधित पंचायत भवन में संचालित सीएससी केंद्र पर छापेमारी की. जांच के बाद केंद्र को सील कर दिया गया. वहीं संचालक अभिजीत दास की सीएससी आईडी रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

