Search

 
 
 

Dhanbad News : रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, ट्रेन से भेजी जा रही थी खेप, दो गिरफ्तार

धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में खड़ी गंगा-सतलज एक्सप्रेस ट्रेन से गांजा की खेप बाहर भेजने की तैयारी थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया.
 
गांजा के साथ गिरफ्तार आरोपियों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी.

Dhanbad : धनबाद पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे यार्ड में चल रहे गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में खड़ी गंगा-सतलज एक्सप्रेस ट्रेन से गांजा की खेप बाहर भेजने की तैयारी थी. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. यह जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में दी.


उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 8:20 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक बाइक से गांजा लेकर रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और ट्रेन से उसे तस्करी के लिए भेजने वाले हैं. सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम व आरपीएफ ने काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. पुलिस ने देखा कि एक युवक बाइक से उतरकर दूसरे युवक को बैग सौंप रहा है. पुलिस को देख बाइक पर बैठा आरोपी फरार भाग निकला, जबकि दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया. उनके बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद किया गया.

 


गिरफ्तार आरोपियों में धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी मुकेश राम व जामताड़ा जिले के फतेहपुर निवासी राहुल कुमार मोदी शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किया है. पूछताछ में राहुल कुमार मोदी ने खुलासा किया कि वह रेलवे में अटेंडेंट का काम करता है और इसी का फायदा उठाकर गांजा की तस्करी करता है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है. छापेमारी में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, सीओ रामप्रवेश कुमार, आरपीएफ की टीम व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही