Dhanbad News : धनबाद कोयलांचल में बुधवार को ईद-मिलादुन्नबी का त्योहार अकीदत व उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर जिले के विभिन्न इलाकों में जुलूस निकाले गये. इनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और अमन-शांति, कौमी एकता व सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया.
इसे भी पढ़ें
इस अवसर पर नौजवान कमेटी ने अपनी 16 वर्षों से चली आ रही जनसेवा की परंपरा को कायम रखा. वहीं, दूसरी ओर विभिन्न क्षेत्रों से निकले जुलूसों में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. जुलूस के दौरान लोगों ने आपसी भाईचारा व समाज में शांति कायम रखने की अपील की.
नौजवान कमेटी व समाजसेवियों की ओर से जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल पेयजल, फल, प्राथमिक चिकित्सा और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी. स्वयंसेवकों को भी तैनात किया गया. कमेटी के सोहराब खान ने बताया कि पिछले 16 वर्षों से मिलादुन्नबी के अवसर पर सेवा कार्य किया जा रहा है. उनका उद्देश्य केवल अकीदतमंदों को सुविधा उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव और इंसानियत की भावना को मजबूत करना भी है.
ईद-मिलादुन्नबी पर धनबाद के विभिन्न क्षेत्रों में निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. जुलूस के दौरान धार्मिक नारों के साथ-साथ अमन और भाईचारे का संदेश दिया गया. जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों के लिए पेयजल व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं. पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा को विशेष इंतजाम किए थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

