Search

 
 
 

Dhanbad News : गोधर में तेज धमाके के साथ बना विशाल गोफ, तीन घरों में दरार, दहशत में लोग

कुसुंडा इलाके के गोधर 6 नंबर एरिया सब स्टेशन के पीछे हवा चानक के समीप सोमवार को अचानक जमीन धंसने और गैस रिसाव की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आवाज के साथ जमीन अचानक धंस गई जिसके बाद वहां एक बड़ा गोफ बन गया.
 
भू-धंसान से क्षतिग्रस्त घर व जुटी भीड़.

Dhanbad : धनबाद जिले के बीसीसीएल कुसुंडा क्षेत्र के गोधर 6 नंबर एरिया सब स्टेशन के पीछे बस्ती में सोमवार को अचानक जमीन धंसने और गैस रिसाव की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आवाज के साथ जमीन अचानक धंस गई और वहां एक बड़ा गोफ बन गया. एसके बाद भारी मात्रा में गैस का रिसाव शुरू हो गया.


घटना के बाद आसपास के इलाके में धुआं फैलने लगा जिससे दहशत का माहौल बन गया. जमीन धंसने से पास के तीन घरों में दरारें आ गईं. खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने अपने घरों से जरूरी सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. घटना की सूचना मिलते ही CISF और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई.

 


वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से गैस रिसाव वाले स्थान की भराई का काम शुरू कराया गया. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की फेंसिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि पहले भी इलाके में गैस रिसाव और जमीन धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं. उस समय लोगों ने प्रबंधन द्वारा केवल भराई कर मामले को दबाने का विरोध किया था और स्थायी समाधान की मांग उठाई थी. बावजूद इसके समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया जिसके कारण फिर से यह स्थिति उत्पन्न हो गई.


ग्रामीणों ने कहा कि रिहायशी इलाके के बीच लगातार गैस रिसाव और जमीन धंसने की घटनाएं लोगों की जिंदगी के लिए बड़ा खतरा हैं.उन्होंने जिला प्रशासन व बीसीसीएल से अविलंब सुरक्षित पुनर्वास की मांग की. कहा कि जब तक सुरक्षित नहीं बसाया जाएगा तब तक इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहेगा. बताया जा रहा है कि बीसीसीएल प्रबंधन पहले ही इस क्षेत्र को डेंजर जोन घोषित कर चुका है. इसके बावजूद सैकड़ों परिवार वहां रह रहे हैं.  फिलहाल प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही