Search

 
 
 

Dhanbad News : कोयलांचल में अवैध लॉटरी का जाल, झरिया से निरसा तक फैला है धंधा

झरिया के बनियाहिर स्थित अस्पताल के समीप बने सामुदायिक केंद्र में देर रात तक बड़े पैमाने पर गेसिंग का खेल होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार की चपेट में गरीब, मजदूर और युवा तेजी से आ रहे हैं.
 
सड़कों के किनारे खुलेआम हो रही लॉटरी टिकटों की बिक्री.

Dhanbad : धनबाद कोयलांचल में अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल का धंधा तेजी से फैल रहा है. झरिया समेत जिले के कई इलाकों में खुलेआम लॉटरी टिकटों की बिक्री और गेसिंग खेल ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. झरिया के बनियाहिर स्थित अस्पताल के समीप बने सामुदायिक केंद्र में देर रात तक बड़े पैमाने पर गेसिंग का खेल होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है.


लोगों का कहना है कि इस अवैध कारोबार की चपेट में गरीब, मजदूर और युवा तेजी से आ रहे हैं. झरिया के विभिन्न इलाकों में मुख्य सड़कों के किनारे दुकानों, स्थायी काउंटरों व सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम लॉटरी टिकट बेचे जा रहे हैं. लोगों का आरोप है कि बनियाहिर में गेसिंग के खेल में पैसों का लेन-देन खुलेआम हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही.

 

 

ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि अवैध लॉटरी व गेसिंग खेल का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है. रोज कमाने-खाने वाले मजदूर और छोटे कामगार जल्दी पैसे कमाने के लालच में अपनी मेहनत की कमाई इस खेल में गंवा रहे हैं. कई परिवार आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं.


स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रशासन से शिकायतें की गईं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. पुलिस और प्रशासन को गुप्त सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से धंधेबाजों का मनोबल बढ़ता जा रहा है. 


सूत्रों के मुताबिक, अवैध लॉटरी और गेसिंग का यह कारोबार संगठित नेटवर्क के जरिए संचालित किया जा रहा है. हाल के महीनों में गुप्त बैठकों के माध्यम से जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध लॉटरी की सप्लाई की जिम्मेदारियां बांटी गई हैं. लोगों ने आशंका जताई कि आर्थिक बर्बादी के साथ-साथ अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो सकती है.


सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस से अवैध लॉटरी व गेसिंग खेल के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, नियमित छापेमारी करने और इस धंधे से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक केंद्रों का उपयोग सामाजिक कार्यों के लिए होना चाहिए न कि अवैध गतिविधियों के लिए.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही