- अवैध सुरंगों में मिले मोटर-ड्रिल व बिजली के केबल
Dhanbad News : निरसा स्थित ईसीएल की राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन का बड़ा मामला सामने आया है. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी शुक्रवार को स्थानीय लोगों के साथ खुद खदान के अंदर पहुंचे. भूमिगत हिस्से में पहुंचने पर कई स्थानों पर अवैध मुहाने बनाकर कोयला काटे जाने के निशान मिले.
इसे भी पढ़ें
बताया गया कि अवैध खनन में बिजली के मोटे केबल के जरिए अवैध कनेक्शन लेकर बड़े मोटर और ड्रिल मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था. विधायक ने खदान के अंदर दर्जनों ऐसे स्थानों का निरीक्षण किया जहां अवैध उत्खनन किए जाने की बात सामने आई. वहीं, कोयला ढोने के लिए बाइकों के इस्तेमाल की भी बात सामने आई.
विधायक के आने की सूचना पर सीआईएसएफ और ईसीएल राजा कोलियरी प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने कोलियरी से बिजली के केबल, मोटर, कटर, गैता समेत कोयला खनन में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण जब्त किए. इसके बाद अवैध मुहानों को भरने की कार्रवाई शुरू की गई.
लगातार मिल रही शिकायतों पर अरूप चटर्जी ने की पहल
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि राजा कोलियरी में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. उन्होंने इस मामले में ईसीएल की एरिया सिक्योरिटी, जीएम व सीआईएसएफ के अधिकारियों से कार्रवाई का आग्रह किया था. कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें स्थानीय लोगों के साथ खुद खदान के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लेना पड़ा.
विधायक ने कहा कि संबंधित लोगों को दो दिनों का समय दिया गया है. इस अवधि में अवैध खनन में लगे मजदूरों और अन्य लोगों को वहां से हटाने की बात कही गई है. इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए दबाव बनाया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

