- कहा- विनोद बिहारी महतो का नाम लेने से पहले उनके विचारों को समझें
Dhanbad News : बीबीएमकेयू, धनबाद में शुक्रवार को आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो पर जमकर निशाना साधा. सांसद को संसदीय कार्यप्रणाली समझने की नसीहत तक दे डाली.
इसे भी पढ़ें
जयराम महतो ने सांसद का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा कि लगता है उनके किसी सलाहकार ने उन्हें राज्यस्तरीय नेता के रूप में स्थापित करने की सलाह दी है. पार्टी में पद हासिल करने से लेकर राज्य की राजनीति में अपनी पहचान बनाने तक के लिए उन्हें जयराम महतो एक विकल्प के रूप में नजर आ रहा है. वे राम के भक्त तो थे ही, अब अप्रत्यक्ष रूप से जयराम के भी भक्त बन चुके हैं.
उन्होंने सांसद को ढोल बाबू कहकर संबोधित किया और पूछा कि अपने 15 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने कितने विधेयकों पर बहस की है? क्या उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी है? क्योंकि विधायिका की व्यवस्था और संसदीय प्रणाली को समझना जनप्रतिनिधियों के लिए जरूरी है. जयराम ने स्पष्ट किया कि वह आगे भी जो कुछ कहेंगे तथ्यों के आधार पर कहेंगे.
उग्रवाद नहीं, मुद्दों पर चर्चा की बात
जयराम महतो ने कहा कि वह न तो उग्रवाद का समर्थन करते हैं और न ही नक्सलवाद का. वह मुद्दों पर चर्चा करते हैं और उनके समाधान की बात करते हैं.उन्होंने झारखंड की राजनीति में विनोद बिहारी महतो की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प उन्होंने लिया है. उन्होंने सांसद को विनोद बिहारी महतो का नाम लेने से पहले उनकी विचारधारा को समझने की नसीहत दी.
उन्होंने बोकारो में एयरपोर्ट निर्माण के मुद्दे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इससे जुड़े प्रस्ताव और मांग के संदर्भ में विनोद बिहारी महतो का योगदान रहा है. जबकि सांसद इस मुद्दे के विरोध में रहे हैं.
जयराम ने कहा कि हर व्यक्ति के लिए भगवान और आदर्श अलग-अलग हो सकते हैं. केवल धर्म या किसी बड़े राजनीतिक दल के टिकट के आधार पर राजनीति करने की बजाय विचारधारा और जनहित के मुद्दों को समझना जरूरी है.
सीखने की कोई उम्र नहीं होती
जयराम महतो ने कहा कि राजनीति में केवल बयानबाजी करना पर्याप्त नहीं है. जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली सीखने के साथ अपने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों की भी जानकारी रखनी चाहिए. सीखने की कोई उम्र नहीं होतीय इसलिए जनप्रतिनिधियों को लगातार सीखते रहना चाहिए. इस बयान के बाद सांसद ढुल्लू महतो और जयराम महतो के बीच राजनीतिक बयानबाजी फिर चर्चा में आ गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

