Dhanbad News : धनबाद जिला समाहरणालय में पुलिस का आधुनिक रिकॉर्ड रूम बनकर तैयार है. बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को नवनिर्मित आधुनिक रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन किया. पुलिस की जांच हो या किसी पुराने मामले से जुड़ा दस्तावेज उसे खंगालने में अब पहले जैसी मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी. इर रिकॉर्ड रूम के बनने से पुराने और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और उन्हें जरूरत के समय उपलब्ध कराने में आसानी होगी.
इसे भी पढ़ें
उद्घाटन के बाद IG ने आधुनिक रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में रिकॉर्ड रूम की भूमिका बेहद अहम होती है. किसी भी आपराधिक मामले की जांच, उसके निष्पादन और विभागीय कामकाज में पुराने दस्तावेज महत्वपूर्ण साक्ष्य और संदर्भ के रूप में काम आते हैं. ऐसे में इन अभिलेखों का सुरक्षित और व्यवस्थित रखरखाव जरूरी है.
उन्होंने कहा कि एसएसपी प्रभात कुमार की पहल और प्रयास से धनबाद पुलिस के रिकॉर्ड रूम को आधुनिक स्वरूप दिया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराना है. IG ने बताया कि फिलहाल झारखंड में इस तरह की आधुनिक सुविधा धनबाद में उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में धनबाद पुलिस की कार्यप्रणाली में और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे.
उद्घाटन समारोह में डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस याकूब मोहम्मद समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

