Dhanbad News: शिक्षक बनने का सपना लेकर रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 में शामिल हुए 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई. धनबाद जिले में 108 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न हुई.
इसे भी पढ़ें:
परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही. निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार खुद विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे.
जिले में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली. इसमें कक्षा छह से आठवीं तक के शिक्षकों की पात्रता के लिए अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी. वहीं दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित हुई जिसमें कक्षा एक से पांचवीं तक के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा ली गई.
केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल और अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अन्य इंतजामों का जायजा लिया. केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस बल भी लगातार निगरानी करते रहे.
अभ्यर्थियों के चेहरे पर दिखी उम्मीद
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों में परिणाम को लेकर उत्सुकता दिखी. कई अभ्यर्थियों ने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया. उनका कहना था कि परीक्षा का संचालन व्यवस्थित तरीके से हुआ और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई. अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि उनकी मेहनत रंग लाएगी और वे शिक्षक बनने के अपने सपने को पूरा कर सकेंगे.
प्रशासन ने ली राहत की सांस
डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने परीक्षा के सफल आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई थीं. सभी 108 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. कहीं से भी कदाचार या किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली. परीक्षा के सफल समापन के बाद जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

