Dhanbad News : धनबाद जिले के पुटकी स्थित अरलगड़िया छठ तालाब के जीर्णोद्धार पर लाखों रुपये खर्च किये गए. निर्माण पर DMFT फंड की राशि खर्च हुई है. तालाब की सीढ़ियों में निर्माण के कुछ दिनों बाद ही दरारें पड़ने लगी हैं. यही नहीं, पुल से पानी का रिसाव हो रहा है और सड़क भी जर्जर होने लगी है. छठ महापर्व नजदीक है और तालाब की बदहाल स्थिति ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है.
इसे भी पढ़ें
दरअसल, खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के माध्यम से योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इसी कड़ी में अरलगड़िया छठ तालाब के जीर्णोद्धार की योजना तैयार की गई थी. इसमें तालाब की खुदाई, सीढ़ियों का निर्माण, पुल और सड़क बनाने का काम कराया गया. योजना का उद्देश्य तालाब को बेहतर बनाकर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक छठ घाट तैयार करना था. लेकिन निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति ने पूरी योजना की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद सीढ़ियों में दरारें दिखाई देने लगीं. पुल से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और सड़क भी जर्जर होती जा रही है. सवाल यह है कि आखिर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण की ऐसी स्थिति कैसे हो गई. काम पूरा होने के बाद इसकी गुणवत्ता की जांच की गई या फिर कागजों पर ही निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित कर दी गई.
सबसे गंभीर स्थिति छठ महापर्व को लेकर है. इसी तालाब में छठ व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. ऐसे में टूटी सीढ़ियां, पुल से रिसता पानी और जर्जर सड़क श्रद्धालुओं के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकती है.
नवयुवक समिति के सदस्यों ने निर्माण में भ्रष्टाचार और अनियमितता का आरोप लगाया है. समिति ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पड़ताल करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही छठ महापर्व से पहले तालाब की सीढ़ियों, पुल और सड़क की मरम्मत कराने की अपील की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

