Dhanbad News : जिले में लगातार हो रही बारिश और बीसीसीएल (BCCL) की अनदेखी के बीच कोयलांचल में जमीन धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार को कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चाणक के समीप अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई.
घर के ठीक बगल में गहरा गोफ बनने से एक मवेशी उसमें जा गिरा. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोग अपने स्तर से मवेशी को सुरक्षित निकालने में जुट गए.
घर के बगल में जमीन धंसने से दहशत में लोग
मकान के बिल्कुल करीब गोफ बनने से आसपास रहने वाले परिवारों में भारी दहशत है. बारिश के कारण जमीन के और धंसने का खतरा बना हुआ है, जिससे स्थानीय निवासी किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं.
बीसीसीएल प्रबंधन पर फूटा गुस्सा
घटना की सूचना देने के बाद भी BCCL का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा. अधिकारियों की इस लापरवाही से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. लोगों का आरोप है कि कोलियरी क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार हो रही है. लेकिन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करने, गोफ की बैरिकेडिंग कराने और सुरक्षित स्थानों पर लोगों को स्थानांतरित करने की मांग की है.
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
कतरास क्षेत्र में भू-धंसान का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले छाताबाद, सलेक्टेड गोविंदपुर और काजूबगान जैसे इलाकों में भी जमीन धंसने से बड़े गोफ बन चुके हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठा रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

