Dhanbad News : धनबाद भवन प्रमंडल कार्यालय में बुधवार को करीब ढाई करोड़ रुपये के सरकारी टेंडर को लेकर स्थानीय व बाहरी संवेदकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.
इसे भी पढ़ें
बताया जाता है कि भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब 2.5 करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर जारी किया गया था. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर का एक संवेदक एग्रीमेंट (इकरारनामा) पर हस्ताक्षर करने के लिए बुधवार को धनबाद स्थित भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचा था. जानकारी मिलने पर कुछ स्थानीय संवेदकों ने इसका विरोध कर दिया. उनका कहना था कि धनबाद के ठेकेदारों को ही पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है. ऐसे में बाहरी संवेदकों को काम देना उचित नहीं है.
इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे. इससे भवन प्रमंडल कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. सदर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया. पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

