Search

 
 
 

Dhanbad News: 8 महीने बाद दिशा की बैठक में बड़े फैसले, 10 दिन में सड़कें होंगी मोटरेबल

Dhanbad News: दिशा की बैठक में दुर्गापूजा के दौरान शहर और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया. सांसद ढुल्लू महतो ने अधिकारियों से कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को जाम में नहीं फंसना पड़े, इसके लिए पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए.
 
दिशा की बैठक

Dhanbad News: करीब आठ महीने बाद बुधवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में सांसद ढुल्लू महतो की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. बैठक में जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ दुर्गापूजा के दौरान ट्रैफिक, सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए गए.


इसे भी पढ़ें:

 

गोविंदपुर एनएच-19 के जाम पर सांसद सख्त

दुर्गापूजा के दौरान शहर और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया. सांसद ढुल्लू महतो ने अधिकारियों से कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को जाम में नहीं फंसना पड़े, इसके लिए पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए. गोविंदपुर एनएच-19 पर लगातार लगने वाले जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

 

सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि दिशा की बैठक केवल विकास योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं रही बल्कि त्योहार के दौरान आम लोगों को बेहतर सुविधा मिले, यह भी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जाम, बिजली, पानी या सुरक्षा संबंधी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.

 

केंदुआडीह सड़क खोलने की तैयारी

बैठक में केंदुआडीह की धंसी सड़क का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा. पूजा से पहले इसे छोटी गाड़ियों के लिए अस्थायी रूप से खोलने की तैयारी की जा रही है. इसके अलावा दुर्गापूजा के दौरान बिजली और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति तथा संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया.

 

बैठक में विधायक राज सिन्हा ने माडा जलापूर्ति योजना फेज-2, शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 और एसीबी जांच के कारण लंबित 35 सड़कों का मुद्दा उठाया. विधायक शत्रुघ्न महतो ने ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की धीमी प्रगति पर चर्चा की. वहीं टुंडी में एलिफेंट कॉरिडोर, आठ लेन सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने, नावाडीह में जलजमाव और बीबीएमकेयू की जमीन के सर्वे समेत कई विषयों पर भी चर्चा हुई.

 

प्रमुख सड़कें होंगी मोटरेबल

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि बलियापुर रोड, मनईटांड़ समेत शहर की प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों को अगले 7 से 10 दिनों में मोटरेबल बनाने का लक्ष्य रखा गया है. जलजमाव दूर करने और झूलते बिजली तारों को दुरुस्त करने का अभियान भी एक सप्ताह में पूरा करने की बात कही गई.

लंबित योजनाओं पर कार्रवाई

उपायुक्त ने बताया कि जल जीवन मिशन की पांच-छह बड़ी परियोजनाएं संवेदकों की लापरवाही से लंबित हैं. कार्य में शिथिलता बरतने वाले संवेदकों के अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी गई है. कार्रवाई के बाद नए संवेदकों को सौंपकर काम तेजी से पूरा कराया जाएगा.

 

बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गोविंदपुर में निर्बाध यातायात के लिए 32 स्वयंसेवकों की मदद से सड़क को जाम मुक्त रखा जाएगा. प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाने और सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं. छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की जा रही है.

 

बैठक में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, अरूप चटर्जी, शत्रुघ्न महतो, मेयर संजीव सिंह, डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही