- एसएसपी ने क्राइम मीटिंग में पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
- अक्टूबर में 71 कांडों का निष्पादन, लंबित मामलों में कमी
Dhanbad News : धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही छठ महापर्व सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने पर जोर दिया. कहा कि प्रमुख छठ घाटों पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी. खतरनाक घाटों पर गोताखोरों की तैनाती होगी. उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर 149 सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है.
इसे भी पढ़ें
एसएसपी ने कहा कि छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है.
थानों में लंबित मामलों का बोझ कम करने पर जोर
एसएसपी ने बताया कि अक्टूबर महीने में जिले के विभिन्न थानों में कुल 412 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 483 कांडों का निष्पादन किया गया. यानी नए दर्ज मामलों से 71 अधिक मामलों का निबटारा किया गया. अब जिले में लंबित कांडों की संख्या घटकर 1562 रह गई है. पुलिस का प्रयास है कि नवंबर के अंत तक इसे 1500 से नीचे लाया जाए.
149 कैमरों से रखी जाएगी शहर पर नजर
अपराध नियंत्रण के साथ शहर की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से मजबूत करने की तैयारी है. इसके तहत प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 149 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जल्द ही संबंधित विभाग की ओर से टेंडर जारी किया जाएगा. अक्टूबर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से करीब 53 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया.
गोविंदपुर से बैंक मोड़ तक जाम पर पुलिस का फोकस
शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए. गोविंदपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण लगने वाले जाम से निबटने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किये जाएंगे. इसके अलावा सरायढेला बिग बाजार, हीरापुर, श्रमिक चौक और बैंक मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में जाम की समस्या दूर करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है.
छठ के बाद फरार अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के बाद जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसमें फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ कुर्की-वारंट का निष्पादन और लंबित कांडों के त्वरित निबटारे पर विशेष जोर रहेगा. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को जवाबदेही के साथ सक्रिय पुलिसिंग करने का निर्देश दिया. बैठक में जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

