Dhanbad News : जिले के गोमो बरवाडीह खरीहरपुर की रहने वाली महिला (30 वर्षीय) के साथ ससुराल में मारपीट करने और कथित तौर पर जीभ काटने का गंभीर मामला सामने आया है. परिजनों ने महिला के पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. घायल महिला का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है.
ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप
पीड़िता की बड़ी बहन आशा गोस्वामी ने आरोप लगाया कि उनकी बहन मधु देवी के साथ उसके पति राजेश गोस्वामी, ससुर लालजी गोस्वामी, सास गीता देवी और ननद होलिका देवी ने मारपीट और गाली-गलौज की. मारपीट के दौरान मधु देवी की जीभ काट दी गई. परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से कुएं में धकेलने का प्रयास किया.

महिला की जीभ काट दी
पहले भी पैसे को लेकर की थी मारपीट
परिजनों का आरोप है कि पति पहले भी पैसे को लेकर उनके साथ मारपीट कर चुका है. इसी विवाद को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. परिजनों के अनुसार, मधु देवी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल पाईं. इसके बाद उसे धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. बताया गया कि मधु देवी सहिया के रूप में काम करती है.
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
पीड़िता परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को देने और शिकायत करने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उनका कहना है कि गंभीर घटना के बाद भी प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है. परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुराल वालों को जल्द गिरफ्तार करने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

