Search

 
 
 

Dhanbad News : आवारा कुत्तों का आतंक, 5 साल की मासूम पर हमला; वारदात CCTV में कैद

Dhanbad News : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. नगर निगम की कथित लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर एक मासूम बच्ची को भुगतना पड़ा. न्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर और आरएसएस कार्यालय के समीप 5 वर्षीय आरोही सिन्हा पर 10 से 15 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया.
 
कुत्तों का हमला

Dhanbad News : शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. नगर निगम की कथित लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर एक मासूम बच्ची को भुगतना पड़ा. न्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर और आरएसएस कार्यालय के समीप 5 वर्षीय आरोही सिन्हा पर 10 से 15 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया.

 

कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला. घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में कुत्तों के झुंड द्वारा बच्ची पर किए गए हमले का खौफनाक मंजर दिखाई दे रहा है.

 

घटना के समय आरोही अपनी बहन परिधि के साथ घर से निकलकर पास के ग्राउंड की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक पीछे से आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया.

 

हमले में गंभीर रूप से घायल आरोही को तत्काल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों ने उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन समेत आवश्यक दवाएं दी हैं. परिजनों के अनुसार बच्ची हमले के बाद से शारीरिक दर्द के साथ-साथ गहरे मानसिक सदमे में है.

 

दो दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, परिजनों ने जताई नाराजगी

घायल बच्ची के पिता विकास सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी. उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद अधिकारियों की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया गया और दो दिन बीत जाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

 

विकास सिन्हा ने कहा कि उनकी बेटी घटना के बाद से बेहद डरी-सहमी है. घर की अन्य बच्चियां भी इस घटना को देखने के बाद बाहर निकलने से डर रही हैं. उन्होंने प्रशासन से जगजीवन नगर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने और कुत्तों के आतंक पर अंकुश लगाने की मांग की है.


झरिया की घटना के बाद भी नहीं चेता निगम

शहर में आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में पहले से ही नाराजगी है. हाल ही में झरिया में आवारा सांड के हमले में एक व्यवसायी की मौत की घटना ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे. इसके बावजूद शहर में आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी अभियान नहीं दिख रहा है.

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में भय का माहौल है. लोगों ने नगर निगम से नियमित रूप से आवारा कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी अभियान को प्रभावी बनाने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही