Search

 
 
 

Dhanbad News : सुंदर नगर में 1.90 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक पार्क,शिलान्यास के दौरान विरोध

जिले के चिरकुंडा नगर परिषद अंतर्गत सुंदर नगर में करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक पार्क का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया.
 

Dhanbad : जिले के चिरकुंडा नगर परिषद अंतर्गत सुंदर नगर में करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक पार्क का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया.कार्यक्रम में विधायक अरूप चटर्जी, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. 

 

 

इस अवसर पर अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया.कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पार्क निर्माण का विरोध भी किया.विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि पार्क बनने के बाद यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग सकता है जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा और शांति प्रभावित हो सकती है.उन्होंने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई.

 

विरोध के बीच विधायक अरूप चटर्जी ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण क्षेत्र के समग्र विकास और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. 

 

उन्होंने कहा कि पार्क बनने से बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिलेगा, बुजुर्गों को सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र में हरियाली और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा.विधायक ने भरोसा दिलाया कि पार्क में पर्याप्त सुरक्षा और नियमित रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके और स्थानीय लोगों की चिंताओं का समाधान हो.

 

नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह पार्क सुंदर नगर के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात होगा और भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक व पारिवारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा.

 

कार्यक्रम में मौजूद वार्ड सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पार्क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. साथ ही स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया.शिलान्यास समारोह में नगर परिषद के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही