Dhanbad : धनबाद शहर के चिरागोड़ा स्थित एक मकान में किराए पर रहने वाले युवक चिराग लक्ष्मी (31 वर्ष) ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर धनबाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिएSNMMCH भेज दिया.
चिराग लक्ष्मी दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्यरत थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने दवा कंपनी और उसके अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. धनबाद थाना के एएसआई हरि प्रसाद नारायण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
वहीं, पिता कुंदन कुमार ने कहा कि चिराग अपनी पत्नी के साथ पटना जाने की तैयारी कर रहा था जहां उनका किडनी ट्रांसप्लांट होना था. गुरुवार को जब बेटे के कमरे में खाना देने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खोला गया. अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. चिराग फंदे से लटका हुआ था.
उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरी शुरू करने के बाद से ही उनके बेटे पर लगातार काम और टारगेट का अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा था. कंपनी के मैनेजर व कलेक्शन से जुड़े अधिकारी अक्सर चिराग को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिसके कारण वह लंबे समय से तनाव में रह रहा था. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

