Search

 
 
 

Dhanbad News :  NGT प्रतिबंध ताक पर, दामोदर नदी से अवैध बालू खनन जारी, 400 CFT बालू लदे दो मिनी ट्रक जब्त

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 10 जून से झारखंड समेत पूरे देश में नदियों से बालू के खनन पर रोक लगाई है. इसके बावजूद धनबाद में बालू का अवैध खनन और परिवहन का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा है. जिला खनन विभाग ने गुरुवार को शहर और नदी घाट क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 400 सीएफटी अवैध बालू से लदे दो मिनी 407 ट्रकों को जब्त किया है.
 
  • 400 CFT बालू समेत दो मिनी ट्रक जब्त

Dhanbad :   नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 10 जून से झारखंड समेत पूरे देश में नदियों से बालू के खनन पर रोक लगाई है. इसके बावजूद धनबाद में बालू का अवैध खनन और परिवहन का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा है. जिला खनन विभाग ने गुरुवार को शहर और नदी घाट क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 400 सीएफटी अवैध बालू से लदे दो मिनी 407 ट्रकों को जब्त किया है. 

 

Uploaded Image

 

बता दें कि एनजीटी के प्रतिबंध के बाद जिला खनन विभाग ने शहर में निगरानी और छापेमारी अभियान तेज कर दी है. इसी कड़ी में खनन विभाग की टीम माइनिंग इंस्पेक्टर श्याम नंदन सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में सुरक्षा बलों के साथ निरीक्षण पर निकली थी.  इस दौरान बरटांड़ बस स्टैंड के समीप धैया रोड पर बालू लदे दो मिनी ट्रकों की जांच की गई. 

 

जांच के दौरान वाहन चालकों से बालू परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और परिवहन चालान प्रस्तुत करने को कहा गया. लेकिन कोई वैध कागजात नहीं दिखाया जा सका. इसके बाद विभाग ने जेएच-10 एटी-8754 और जेएच-10 बीजे-7449 नंबर के दोनों वाहनों को जब्त कर धनबाद थाना के सुपुर्द कर दिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 

 

खनन विभाग के अनुसार, जब्त किया गया बालू निरसा, पूर्वी टुंडी के बैजरा घाट समेत विभिन्न क्षेत्रों से लाकर शहर में बेचा जा रहा था. विभाग को लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के कई इलाकों में अवैध रूप से बालू की आपूर्ति की जा रही है, जिसके बाद निगरानी बढ़ाकर यह कार्रवाई की गई.

 

तेलमच्चो घाट पर दिनदहाड़े चल रहा था बालू उठाव

शहर में कार्रवाई के बाद खनन विभाग की टीम तेलमच्चो स्थित दामोदर नदी बालू घाट पहुंची. वहां टीम ने पाया कि प्रतिबंध के बावजूद ट्रैक्टरों के माध्यम से नदी से बालू निकालकर लोड किया जा रहा था.अधिकारियों के पहुंचते ही अवैध खनन में लगे लोग ट्रैक्टरों की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए.

 

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि NGT प्रतिबंध लागू होने के बावजूद नदी घाटों पर खुलेआम अवैध खनन कैसे जारी है. दिनदहाड़े हो रहे इस कारोबार से यह भी स्पष्ट होता है कि अवैध धंधेबाजों में कार्रवाई का भय कम नजर आ रहा है.

 

शहर में सक्रिय हैं बालू माफिया

सूत्रों के अनुसार, धनबाद के हीरापुर, गोल बिल्डिंग और आसपास के इलाकों में बालू माफिया धड़ल्ले से अवैध बालू की सप्लाई कर रहे हैं. इसके लिए हाईवा, मिनी ट्रक और ट्रैक्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है. रात और तड़के सुबह बड़ी मात्रा में बालू शहर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है.

 

बालू की बढ़ी कीमतों ने बढ़ाया अवैध कारोबार

हाल के दिनों में बालू की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जानकारों के अनुसार, घाट क्षेत्रों में करीब दो हजार रुपये में मिलने वाला एक वाहन बालू शहर पहुंचते-पहुंचते पांच से छह हजार रुपये तक में बिक रहा है. इसी वजह से अवैध बालू कारोबार करने वालों के लिए यह अत्यधिक मुनाफे का धंधा बन गया है.

 

15 अक्टूबर तक नदियों से बालू उत्खनन पर रोक

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जलीय जीवों, नदी पारिस्थितिकी तंत्र और पुल-पुलियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर हर वर्ष मानसून अवधि के दौरान नदियों से बालू खनन पर रोक लगाई जाती है. सुप्रीम कोर्ट और NGT के निर्देशों के अनुरूप 10 जून से 15 अक्टूबर तक पूरे देश में नदियों से बालू निकासी प्रतिबंधित रहेगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

बेहतर अनुभव व ज्यादा खबरों के लिए ऐप पर जाएं

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें
Scan QR Code
Available on App Store & Play Store
Download for Android Download for iOS
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही