Dhanbad News: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को धनबाद में श्रद्धा और सम्मान के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए.
उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे समेत जिले के वरीय पदाधिकारियों ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
अधिकारियों ने सबसे पहले सिटी सेंटर स्थित महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की. इसके बाद सभी पदाधिकारी गांधी सेवा सदन पहुंचे और वहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की. उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गांधी सेवा सदन स्थित पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया.
इसके बाद पदाधिकारी खादी ग्रामोद्योग संघ पहुंचे.यहां महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इस दौरान उप विकास आयुक्त ने चरखा चलाकर खादी और स्वावलंबन के संदेश को भी याद किया.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके आदर्श देश की हर पीढ़ी को कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे. उनकी अहिंसा, सत्य और नैतिक मूल्यों पर आधारित विचारधारा ने स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सभी धर्मों के प्रति समान सम्मान, भाषाई विविधता के सम्मान, महिला-पुरुष समानता तथा सामाजिक भेदभाव को दूर करने पर जोर दिया. उनका जीवन सत्य, ईमानदारी, सादगी और अहिंसा का प्रतीक रहा है.
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ इच्छाशक्ति और मूल्य आधारित सार्वजनिक जीवन आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है. कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और देश के आत्मनिर्भरता के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
कार्यक्रम में ट्रैफिक डीएसपी, सहायक नगर आयुक्त, नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

