Search

 
 
 

Dhanbad News: देवप्रभा माइनिंग के खिलाफ गुस्सा, ब्लास्टिंग से घरों में दरार, धनसार थाना का घेराव

धनसार थाना क्षेत्र में संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यशैली, लगातार हो रही ब्लास्टिंग और प्रदूषण से परेशान ग्रामीण अब खुलकर विरोध में उतर आए हैं.
 

Dhanbad: धनसार थाना क्षेत्र में संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. आउटसोर्सिंग कंपनी की कार्यशैली, लगातार हो रही ब्लास्टिंग और प्रदूषण से परेशान ग्रामीण अब खुलकर विरोध में उतर आए हैं. रविवार को युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए जाने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण धनसार थाना पहुंच गए और थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया.

 

जानकारी के अनुसार, चांदमारी कोलियरी स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट का संचालन किया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि परियोजना में लगातार भारी ब्लास्टिंग की जा रही है जिससे आसपास के मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं. ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोट के दौरान पूरा इलाका कांप उठता है और लोगों में हर समय भय का माहौल बना रहता है.


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि माइनिंग कंपनी द्वारा पहले आश्वासन दिया गया था कि बाउंड्री वॉल के बाहर किसी प्रकार की खुदाई नहीं की जाएगी. लेकिन अब रात के अंधेरे में बाउंड्री वॉल तोड़कर आगे तक खुदाई की जा रही है. इससे स्थानीय लोगों में असुरक्षा और आक्रोश बढ़ गया है. इसी मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठा रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया. 


इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा धनसार थाना पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों ने मांग की कि इलाके में हो रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए तथा स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. 


लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द हस्तक्षेप नहीं किया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए थाना परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया. फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही