Dhanbad News: धनसार थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा प्रोजेक्ट स्थित MNSR आउटसोर्सिंग कंपनी के पास कोयला उत्खनन के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस के रिसाव और लगातार धुआं उठने से आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. गोधर काली और बस्ती पियोर धनसार के पास धुएं का गुबार उठने को लेकर स्थानीय लोगों ने रविवार को BCCL प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.
इसे भी पढ़ें:
स्थानीय नेता गुड्डू सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले की बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से धुआं निकलने वाले स्थल की समुचित भराई नहीं कराई जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आबादी से महज कुछ दूरी पर गैस और धुएं का रिसाव होने से सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग प्रबंधन की ओर से गर्म ओबी (ओवरबर्डन) गिराए जाने के बाद से उक्त स्थल से लगातार धुआं निकल रहा है. धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थल को सुरक्षित तरीके से नहीं भरा गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
गुड्डू सिंह ने कहा कि स्थानीय लोग लंबे समय से BCCL प्रबंधन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग कर रहे हैं. लेकिन उनकी समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित स्थल की तत्काल भराई कराई जानी चाहिए.
ग्रामीणों ने मांग की है कि पानी और ओबी से प्रभावित स्थल की तत्काल भराई, गैस और धुएं के रिसाव की जांच तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि BCCL प्रबंधन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद कराने का भी निर्णय लिया जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

