Dhanbad News : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से गुरुवार को धनबाद के सर्किट हाउस में पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान की 6वीं पुण्यतिथि मनाई गई. इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व व राजनीतिक योगदान को याद किया.
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में सामाजिक न्याय, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को प्रमुखता से उठाया.यही नहीं रामविलास पासवान ने राजनीति को आम लोगों से जोड़ने का प्रयास किया और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर मुखर होकर अपनी बात रखी.
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष मुद्रिका पासवान ने कहा कि रामविलास पासवान केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित तबके की मजबूत आवाज थे. उनके विचार और संघर्ष आज भी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय पासवान ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा आम लोगों के हितों को प्राथमिकता दी और सामाजिक समरसता के लिए काम किया.उन्होंने कार्यकर्ताओं से रामविलास पासवान के विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया.कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

