Dhanbad : पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है. धनबाद में अब पासपोर्ट सेवा पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस हो गई है. पुलिस वेरिफिकेशन से लेकर दस्तावेजों के सत्यापन तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से पासपोर्ट बनाने में तेजी आएगी और लोगों को सुविधा होगी.
नई व्यवस्था के तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र में दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर करेंगे. इसके बाद सत्यापन रिपोर्ट ऑनलाइन माध्यम से सीधे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय भेज दी जाएगी. रिपोर्ट तैयार होने पर आवेदक को भी इसकी डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.
अब पुलिस सत्यापन भी संबंधित थाने द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा. इससे कागजी फाइलों का आदान-प्रदान लगभग समाप्त हो जाएगा और पूरी प्रक्रिया अधिक तेज, सरल और पारदर्शी बनेगी.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह नई व्यवस्था 1 अगस्त से लागू कर दी गई है. पहले पुलिस वेरिफिकेशन के करीब 1,300 मामले लंबित थे, लेकिन ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बाद यह संख्या घटकर 580 रह गई है. उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से पुलिस और पासपोर्ट विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है और सत्यापन प्रक्रिया में तेजी आई है.
एसएसपी ने बताया कि अब पुलिस वेरिफिकेशन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. ऑनलाइन रिपोर्टिंग से समय की बचत होगी, अनावश्यक विलंब नहीं होगा और आवेदकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment