Dhanbad News : धनबाद के भूली थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता की हत्या की कथित साजिश रचने का मामला सामने आया है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सी ब्लॉक छठ घाट के समीप सुनसान स्थान पर छापेमारी कर एक युवक को देसी कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पकड़े गए युवक की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी मोहम्मद आसिफ आलम (23) के रूप में हुई है. वारदात शुक्रवार रात की है. आसिफ आलम का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ बैंकमोड़ व चिरकुंडा थाने में तीन मामले दर्ज हैं.
इसे भी पढ़ें
यह जानकारी डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय ने शनिवार को प्रेसवार्ता में दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ सी ब्लॉक छठ घाट के पास जुटे हैं और किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई की.
दो बाइक से चार युवक सी ब्लॉक छठ घाट के पास पहुंचे थे. पुलिस ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही तीन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. जबकि चौथा युवक आसिफ पुलिस के हत्थे चढ़ गया. तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि रामगढ़ जेल में बंद आसिफ नामक अपराधी के कहने पर वे लोग धनबाद के अधिवक्ता जावेद की हत्या की योजना बना रहे थे. इसी उद्देश्य से सभी लोग हथियार लेकर वहां पहुंचे थे. जांच में यह भी सामने आया कि ईस्ट बसुरिया निवासी मोहम्मद आसिफ गिरफ्तार आसिफ के संपर्क में था. पुलिस को आशंका है कि इसी नेटवर्क के जरिए अधिवक्ता की रेकी की गई थी. पुलिस उसके व्हाट्सएप चैट व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

