Dhanbad News : दुर्गा पूजा से पहले धनबाद समेत बोकारो रेंज के सात जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा शनिवार को धनबाद पहुंचे. समाहरणालय में उन्होंने बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश समेत धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा के एसपी के साथ समीक्षा बैठक की.
इसे भी पढ़ें
बैठक में दुर्गा पूजा पर सुरक्षा के साथ-साथ लंबित कांडों, संगठित अपराध, नक्सली गतिविधियों व पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई. आईजी ने दो वर्ष और 10 वर्ष से अधिक पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन, पोक्सो, एनडीपीएस, साइबर अपराध व महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तेजी लाने का निर्देश दिया. CCTNS की पेंडेंसी कम करने और अदालतों में समय पर फाइनल फॉर्म जमा करने को भी कहा गया.
आईजी ने पुलिस अधिकारियों को पूजा पंडालों, बाजारों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिया. आईजी ने स्पष्ट किया की दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने थानों के नियमित निरीक्षण, मालखाना प्रभार हस्तांतरण व सेवानिवृत्त कर्मियों के पेंशन व अनुकंपा मामलों के त्वरित निपटारे पर भी जोर दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

