Dhanbad : झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति की मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में हुई बैठक में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है. लिट्टीपाड़ा से झामुमो विधायक सह समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू ने चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए इसे भाजपा की जबरदस्ती की जीत करार दिया. बैठक में मौजूद भाजपा विधायक नागेंद्र महतो ने उनके इस बयान पर तीखा पलटवार किया.
हेमलाल मुर्मू ने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में चुनाव प्रक्रिया और परिणामों पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि बंगाल का चुनाव जनता का नहीं, इलेक्शन कमीशन का चुनाव लग रहा था. मुर्मू ने आरोप लगाया कि एक लाख से अधिक केंद्रीय बलों की तैनाती करके भाजपा ने मतदाताओं पर दबाव बनाया और जबरदस्ती जीत हासिल की. ममता बनर्जी के इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि संविधान के तहत उन्हें पद छोड़ना ही पड़ेगा.
नागेंद्र महतो का तीखा पलटवार
हेमलाल मुर्मू के आरोपों को खारिज करते हुए भाजपा विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि यह जनादेश है और विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा है. महतो ने पलटवार करते हुए कहा कि बंगाल में लंबे समय से चला आ रहा आतंक का राज समाप्त हो गया है. वहां की जनता ने एक बड़ा परिवर्तन किया है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है. बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को पूरी तरह नकार दिया है और भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है. उन्होंने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जनता ने विकास और सुरक्षा के मुद्दे पर वोट दिया है जिसे जबरदस्ती नहीं कहा जा सकता. बैठक में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो भी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment