Dhanbad : शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा .समारोह को लेकर 9 अगस्त से ही स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है. गुरुवार को पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड पूर्वाभ्यास के साथ-साथ समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परेड में शामिल टुकड़ियों के मार्च-पास्ट और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. जहां भी त्रुटियां पाई गईं उन्हें तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने स्टेडियम में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम की तैनाती का निर्देश दिया.
सुबह 9 बजे स्टेडियम में होगा झंडोत्तोलन
स्वतंत्रता दिवस के दिन उपायुक्त शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके अलावा सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे उपायुक्त के आवासीय कार्यालय और 10 बजे धनबाद समाहरणालय में झंडोत्तोलन किया जाएगा.
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी होंगे सम्मानित
मुख्य समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा.
