Dhanbad News : एटीएम से पैसे निकालने जा रहे हैं, तो सावधान रहें. साइबर ठग अब एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर ग्राहकों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं. धनबाद के मटकुरिया स्थित एसबीआई के एटीएम के कैश डिस्पेंसर स्लॉट से पुलिस ने एक संदिग्ध प्लेट बरामद की है.आशंका है कि इसके जरिए ग्राहकों के साथ ठगी की कोशिश की जा रही थी. मामला शनिवार का है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक के खाते से एक हजार रुपये कट गए, लेकिन एटीएम से रुपए बाहर नहीं निकले. ग्राहक ने मामले की जानकारी पास के थाना को दी. इसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एटीएम के कैश डिस्पेंसर स्लॉट से एक संदिग्ध प्लेट बरामद की. इससे पहले भी इसी एटीएम से तीन हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आ चुका है.लगातार सामने आ रही घटनाओं ने एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कहीं गार्ड नहीं तो कहीं सीसीटीवी की निगरानी पर सवाल
धनबाद के कई एटीएम में सुरक्षा व्यवस्था की कमी की शिकायतें सामने आती रही हैं. कहीं सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं हैं, तो कहीं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और निगरानी पर सवाल उठते हैं. ऐसे में एटीएम से छेड़छाड़ की आशंका ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है.
SSP ने बैंकों व थाना प्रभारियों को किया अलर्ट
इस संबंध में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने मीडिया को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी बैंकों को पत्र लिखकर एटीएम की सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच और मरम्मत, एटीएम की समय-समय पर निगरानी और सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है. एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पेट्रोलिंग पार्टियों को भी एटीएम की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

