Dhanbad News : उत्कृष्ट कार्य, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिचय देने वाले धनबाद के चार पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन दिया गया है. इनमें तीन सब इंस्पेक्टर को इंस्पेक्टर व एक सिपाही को एएसआई के पद पर प्रोन्नति दी गई है. पुलिस विभाग की ओर से यह सम्मान उनके बेहतर कार्य और अदम्य साहस को देखते हुए दिया गया है.
इसे भी पढ़ें
पदोन्नति पाने वाले सब इंस्पेक्टरों में 2005 बैच के सदानंद सिंह, 2018 बैच के प्रभात रंजन राय और अर्जुन कुमार सिंह शामिल हैं. तीनों को इंस्पेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, 2009 में पुलिस सेवा में बहाल सिपाही नवनीत नवल को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए एएसआई के पद पर पदोन्नति दी गई.
इस अवसर पर एसएसपी कार्यालय में पिपिंग सेरेमनी आयोजित की गई. एसएसपी प्रभात कुमार व ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधों पर बैज लगाकर सम्मानित किया. एसएसपी ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों का प्रतीक भी है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से आगे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की. कहा कि पुलिसकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है.
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली यह पदोन्नति दूसरे पुलिसकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी. एसएसपी ने सभी के उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की कामना की. समारोह में डीएसपी मुख्यालय-2 नाजिर अख्तर, डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

