Search

 
 
 

Dhanbad News: स्पीड ब्रेकर हटने से झरिया में बढ़ी सड़क दुर्घटनाएं, जनता मजदूर संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

Dhanbad News: अभिषेक सिंह ने कहा कि झरिया-केन्दुआ मार्ग, एनएच-218 और दुर्घटना संभावित मोड़ों पर वैज्ञानिक तरीके से गति अवरोधक बनवाए थे. इससे भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगा था और हादसों में कमी आई थी. लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद कथित शिकायतों और राजनीतिक द्वेष के चलते इन्हें हटवा दिया गया. अब सड़कों पर फिर मौत का तांडव हो रहा है.
 
जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह

Dhanbad News: झरिया की सड़कों पर कोयला लदे हाइवा और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है. झरिया-केन्दुआ मुख्य मार्ग, एनएच-218, फुसबंगला, डिगवाडीह और ऊपर कुल्ही समेत कई इलाकों में लगातार हो रहे हादसों को लेकर जनता मजदूर संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के कारण पहले से बने वैज्ञानिक स्पीड ब्रेकरों को मशीनों से तोड़वा दिया गया. इसके बाद सड़क दुर्घटनाओं में फिर तेजी आई है.


इसे भी पढ़ें:

 

अभिषेक सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने स्थानीय लोगों की मांग पर झरिया-केन्दुआ मार्ग, एनएच-218 और दुर्घटना संभावित मोड़ों पर वैज्ञानिक तरीके से गति अवरोधक बनवाए थे. इससे भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगा था और हादसों में कमी आई थी. लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद कथित शिकायतों और राजनीतिक द्वेष के चलते इन्हें हटवा दिया गया. अब सड़कों पर फिर मौत का तांडव हो रहा है.

 

उन्होंने कहा कि हादसों में किसी मां की गोद सूनी हो रही है तो किसी का सुहाग उजड़ रहा है. प्रशासन मुआवजे की घोषणा कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है, जबकि पीड़ित परिवारों को न्याय और स्थायी सुरक्षा की जरूरत है.

 

27 हादसों का दिया हवाला

जनता मजदूर संघ ने वर्ष 2015 से नवंबर 2026 तक झरिया और आसपास के इलाकों में हुए 27 प्रमुख सड़क हादसों का ब्योरा जारी किया है. इसमें इंजीनियरिंग और बीएड के छात्र, स्कूली छात्र, बीसीसीएल कर्मी, दुकानदार, महिलाओं और आम नागरिकों की मौत का जिक्र है. हाल के हादसों में 22 अक्टूबर को सिंहनगर में नारायण ठाकुर और 3 नवंबर को ऊपर कुल्ही में जहांगीर की हाइवा-ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत को भी शामिल किया गया है.

 

संघ की तीन प्रमुख मांगें

जनता मजदूर संघ ने झरिया-केन्दुआ मुख्य मार्ग, एनएच-218, फुसबंगला, डिगवाडीह और ऊपर कुल्ही समेत सभी दुर्घटना संभावित स्थानों पर मानक के अनुरूप वैज्ञानिक स्पीड ब्रेकरों का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. इसके अलावा कोयला ढुलाई करने वाले हाइवा और भारी वाहनों पर नो-एंट्री नियम सख्ती से लागू करने, आबादी वाले क्षेत्रों में गति सीमा निर्धारित करने तथा हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग की गई है.

 

अभिषेक सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए और भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक नहीं लगाई तो जनता मजदूर संघ आम लोगों के साथ सड़क पर उतरकर जोरदार आंदोलन और चक्का जाम करेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही