Dhanbad : आरपीएफ ने पूर्व-मध्य रेलवे में विशेष चेकिंग अभियान में मई महीने में व्यापक कार्रवाई की. इस दौरान बिना उचित कारण चेन पूलिंग करने वाले 1175 लोगों व महिला कोच में यात्रा कर रहे 3061 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया. दोनों मामलों में कुल 13.81 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
रेलवे ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ ऑपरेशन समय पालन के तहत लगातार कार्रवाई कर रहा है. कई बार यात्री बिना किसी वैध कारण के चेन पूलिंग कर ट्रेनों को बीच रास्ते में रोक देते हैं जिससे न केवल रेल परिचालन प्रभावित होता है, बल्कि हजारों यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
ऑपरेशन समय पालन के तहत 1175 लोग पकड़े गए
आरपीएफ ने 1 से 31 मई 2026 तक पूर्व-मध्य रेलवे के विभिन्न रेलखंडों में विशेष अभियान चलाकर बिना उचित कारण चेन पूलिंग करने के आरोप में 1175 लोगों को हिरासत में लिया. इन लोगों के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 141 के तहत कार्रवाई की गई और उनसे 5,02,000 रुपये जुर्माना वसूला गया.
मंडलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक कार्रवाई दानापुर मंडल में हुई जहां 602 लोग पकड़े गए. इसके अलावा समस्तीपुर मंडल में 239, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 147, सोनपुर मंडल में 100 तथा धनबाद मंडल में 87 लोगों को हिरासत में लिया गया.
महिला कोच में यात्रा करने वाले 3061 पुरुष यात्रियों पर कार्रवाई
महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ द्वारा ऑपरेशन महिला सुरक्षा भी लगातार चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत महिला डिब्बों में यात्रा करने वाले पुरुष यात्रियों के खिलाफ विशेष धर-पकड़ अभियान चलाया गया.मई माह के दौरान महिला कोच में यात्रा करने के आरोप में 3061 पुरुष यात्रियों को हिरासत में लिया गया. इनसे 8 लाख 79 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
इस अभियान में भी दानापुर मंडल सबसे आगे रहा जहां 1442 पुरुष यात्री महिला कोच में यात्रा करते पकड़े गए. इसके अलावा पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में 865, धनबाद मंडल में 333, समस्तीपुर मंडल में 290 तथा सोनपुर मंडल में 131 पुरुष यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment